बेकाबू ट्रक ने खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारी:इलाके की बिजली गुल, कोई हताहत नहीं, चालक फरार
सहारनपुर में नगर कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज चौक पर शुक्रवार देर रात एक बजे के करीब तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ब्लैक रंग की कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे पर चढ़ गई। टक्कर से खंभा क्षतिग्रस्त होकर सड़क की ओर झुक गया, जिससे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और आसपास अंधेरा छा गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और जाम लग गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। तीन गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद ट्रक की टक्कर से एक ब्लैक कार बिजली के खंभे पर चढ़ गई। खंभा क्षतिग्रस्त होकर झुकने से बड़ा हादसा होने का खतरा भी पैदा हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। क्षतिग्रस्त कार के मालिक ने बताया कि उनके परिवार में शादी है। वह अपने बड़े भाई के बेटे की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। कार्ड बांटने के बाद वह घर लौटे और कपड़े बदलकर अंदर गए ही थे कि अचानक तेज आवाज सुनाई दी। इसी दौरान बिजली भी गुल हो गई। बाहर निकलकर देखा तो ट्रक कई गाड़ियों को टक्कर मार चुका था और उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार मालिक के मुताबिक, ट्रक कुछ दूर और आगे बढ़ता तो आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ सकती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक कुछ देर मौके पर मौजूद रहा और पूछता रहा कि कहां क्या हुआ है। इसके बाद वह वहां से गायब हो गया। पीड़ित पक्ष ने ट्रक मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। ट्रक मालिक ने चालक से बात कराने और सुबह मौके पर आने की बात कही। पीड़ित के अनुसार, ट्रक पर फ्लिपकार्ट का सामान लदा होने की जानकारी मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)