बेटी लापता होने से नाराज महिला टावर पर चढ़ी:कासगंज के मामों गांव में पुलिस कार्रवाई की मांग पर घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
कासगंज के मामों गांव में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला टावर पर करीब 60 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर हंगामा करने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारी महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला की पहचान जरेथा गांव निवासी मुन्नी देवी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि उसकी नाबालिग बेटी लापता है, लेकिन बेटी को गायब करने वालों के खिलाफ पुलिस सही कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी बात से नाराज होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई और पुलिस प्रशासन के सामने अपनी मांग रखी। पहले भी टावर पर चढ़ चुकी है महिला बताया जा रहा है कि मुन्नी देवी इससे पहले भी एक अन्य गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ चुकी हैं। उस समय पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें नीचे उतारा था। महिला का आरोप है कि बेटी के लापता होने के मामले में अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में उसने दोबारा टावर पर चढ़कर अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस और दमकल टीम समझाने में जुटी घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम लगातार महिला से बातचीत कर रही है और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए समझा रही है। अधिकारी महिला की मांगों को सुनते हुए उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर भीड़ जुटी हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)