भैंसा मारने के मामले में कार्रवाई न होने पर गुस्सा:ग्रामीणों ने थाने की कार्यशैली पर सवाल उठाए, अनिश्चितकालीन धरना शुरू
महराजगंज के थाना परसा मलिक क्षेत्र के ग्राम सभा जिगिना में पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को खुलकर सामने आया। भैंसा मारने की घटना में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज न किए जाने और कार्रवाई में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए दर्जनों ग्रामीणों ने गांव में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की भूमिका की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। धरने पर बैठे ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में भैंसा मारने की घटना हुई थी। घटना के बाद मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन परसा मलिक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की ओर से मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने से उन्हें धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए धरना स्थल पर बैनर लगाकर ग्रामीणों ने अपनी मांग स्पष्ट की है। बैनर पर लिखा है- "परसा मलिक पुलिस की भूमिका की जांच व भैंसा मारने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना।" ग्रामीणों ने धरना स्थल पर हाथ उठाकर नारेबाजी भी की और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती और पुलिस की भूमिका की जांच नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक महराजगंज से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों के अनिश्चितकालीन धरने से गांव में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की नजर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में उठाए जाने वाले कदम पर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)