भाजपा 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा निकालेगी:पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर 12 मंडलों में बाइक रैली और संकल्प सभा
मथुरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा महानगर की ओर से 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा एवं बाइक रैली निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को पुष्पांजलि स्थित भाजपा कार्यालय पर महानगर पदाधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकसित भारत संकल्प सभा और शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की तैयारियों पर भी मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने की। शुभारंभ महानगर प्रभारी पवन शर्मा, स्नातक निर्वाचन के बृज क्षेत्र संयोजक एवं बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, विधायक मेघश्याम सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर और पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। महानगर प्रभारी पवन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होना जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण का महत्वपूर्ण पड़ाव है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से उनके सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया। डॉ. देवेंद्र शर्मा ने शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने मतदाताओं से निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समय से पूरी करे और मंडल व बूथ स्तर पर कार्यक्रम की प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करे। महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि 7 अक्टूबर को महानगर के सभी 12 मंडलों में सेवा ज्योति यात्रा एवं बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद भगत सिंह पार्क स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित होगी। बैठक का संचालन महानगर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हीरा सिंह कुंतल, महानगर महामंत्री ज्ञानेंद्र राणा, विनीत शर्मा, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)