भाजपा नेता की शिकायत पर पेट्रोल पंपों की जांच:सोनभद्र के दो पंपों पर अनियमितता के आरोप, इंडियन ऑयल ने बनाई 3 सदस्यीय टीम
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता अनिल द्विवेदी ने जिले के दो पेट्रोल पंपों पर कथित अनियमितताओं की शिकायत इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के उत्तर प्रदेश प्रमुख संजय भंडारी से की है। शिकायत में पेट्रोल पंपों के संचालन, भूमि के उपयोग, दस्तावेजों और ग्राहकों को दी जा रही सेवाओं से जुड़े कई आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के बाद आईओसीएल ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। अनिल द्विवेदी ने राबर्ट्सगंज स्थित कृष्णा फिलिंग स्टेशन के संचालन और भूमि के उपयोग को लेकर सवाल उठाए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पेट्रोल पंप के लिए आईओसीएल के साथ अनुबंधित भूमि पर बिना अनुमति पेट्रोल पंप का संचालन बंद कर वहां मकान का निर्माण करा लिया गया। इसके अलावा पेट्रोल पंप के कार्यालय को इंडेन गैस एजेंसी के कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पेट्रोल पंप के स्थानांतरण के दौरान कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और तथ्यों को छिपाने के आरोपों की भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित भूमि और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की मांग रखी है। विनायक फिलिंग स्टेशन पर मिलावट-घटतौली के आरोप हिन्दुआरी स्थित विनायक फिलिंग स्टेशन को लेकर भी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक पेट्रोल-डीजल में मिलावट और घटतौली की शिकायतें हैं। सीएनजी के नाम पर पर्याप्त गैस नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा ग्राहकों से विवाद और मारपीट की घटनाओं का भी शिकायत में उल्लेख किया गया है। पेट्रोल पंप के लाइसेंस से संबंधित जमीन के दस्तावेज, बैनामा और अन्य प्रपत्रों में कथित हेरफेर की जांच कराने की मांग भी की गई है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि इन सभी बिंदुओं की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए। इंडेन गैस एजेंसी के संचालन की भी जांच की मांग अनिल द्विवेदी ने राबर्ट्सगंज स्थित इंडेन गैस एजेंसी के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने संबंधित आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि जांच में यदि किसी संचालक की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका पाए जाने पर उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। आईओसीएल ने बनाई तीन सदस्यीय टीम अनिल द्विवेदी ने बताया कि उनकी शिकायत पर आईओसीएल ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)