भाजपा नेता ने अखिलेश यादव से की मुलाकात:कल समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे भवानी भीख शुक्ला, पत्नी ब्लॉक प्रमुख है
गोंडा में भाजपा नेता भवानी भीख शुक्ला अपने पांच बेटों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने बुधवार देर शाम करीब 6 बजे लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की। भवानी भीख शुक्ला के मुताबिक, उन्होंने भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने की इच्छा जताई, जिस पर अखिलेश यादव ने सहमति दे दी। भवानी भीख शुक्ला का दावा है कि गुरुवार दोपहर 12 बजे वह अपने पांचों बेटों श्रीभगवान शुक्ला, कृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ला और शंकर भगवान शुक्ला के साथ सपा कार्यालय पहुंचेंगे। उनके साथ 2 हजार समर्थक और 300 से अधिक गाड़ियां होंगी। इस दौरान ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और अन्य समर्थकों के भी शामिल होने की बात कही गई है। 26 साल से कटरा बाजार ब्लॉक की राजनीति में सक्रिय भवानी भीख शुक्ला कटरा बाजार ब्लॉक की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह करीब 26 साल से ब्लॉक प्रमुख पद से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी जुगरानी कटरा बाजार की ब्लॉक प्रमुख हैं। भवानी भीख शुक्ला ही उनके कामकाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य भी ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। भाजपा, बसपा और सपा में रह चुके हैं भवानी भीख भवानी भीख शुक्ला के राजनीतिक सफर की शुरुआत भाजपा से हुई थी। उनके अनुसार, वह 1999 से 2000 तक भाजपा के मंडल अध्यक्ष रहे और 2008 तक पार्टी में सक्रिय रहे। इसके बाद 2009 से 2012 तक बहुजन समाज पार्टी और 2012 से 2017 तक समाजवादी पार्टी में रहे। वर्ष 2017 में उन्होंने सपा छोड़कर भाजपा जॉइन की थी। तब से वह भाजपा में थे। उन्हें कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का करीबी माना जाता है। भाजपा विधायक पर लगाए परिवार को परेशान करने के आरोप अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद भवानी भीख शुक्ला ने भाजपा सरकार और कटरा बाजार से भाजपा विधायक बावन सिंह पर अपने परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक के इशारे पर उनके परिवार के लोगों को परेशान किया गया। भवानी भीख शुक्ला का आरोप है कि करीब एक साल पहले उनके ब्लॉक में उनके और उनके परिवार के साथ मारपीट की गई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इन्हीं घटनाओं से परेशान होकर वह भाजपा छोड़ने का फैसला कर रहे हैं। 2027 के टिकट को लेकर चर्चा की अटकलें सूत्रों के हवाले से यह चर्चा है कि अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान कटरा बाजार विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव के टिकट को लेकर भी बात हुई। हालांकि, इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भवानी भीख शुक्ला ने कहा कि अखिलेश यादव ने उनके और उनके बेटों के साथ परिवार की तरह व्यवहार किया। उन्होंने सपा को मजबूत करने के लिए काम करने की बात कही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)