भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर ने स्नातक मतदाताओं से वोट मांगे:दो दर्जन स्कूलों में जनसंपर्क कर समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर ने मंगलवार को प्रयागराज के दो दर्जन विद्यालयों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और स्नातक एमएलसी मतदाताओं से मुलाकात कर भाजपा सरकार की नीतियों की जानकारी दी। साथ ही आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान अशोक कुमार राठौर ने कहा कि स्नातक मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी परिस्थितियों में भाजपा और वह स्वयं मतदाताओं के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। भाजपा प्रत्याशी ने सिकंदरा क्षेत्र स्थित तीरथ मिश्रा इंटरमीडिएट कॉलेज, विक्रमादित्य सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज और राधा रमन मिश्रा पीजी कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मतदाताओं से संपर्क किया। इसके अलावा बहरिया क्षेत्र स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों में भी स्नातक मतदाताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से चुनाव में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील करते हुए कहा कि मतपत्र पर उनके नाम के सामने निर्धारित स्थान पर अंक-1 लिखकर अपना समर्थन दें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से मिल रहा स्नेह, सम्मान और विश्वास उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। लोगों का सहयोग और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। अशोक कुमार राठौर ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का प्रयास किया जाएगा। जनसंपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग भी मौजूद रहे। प्रत्याशी ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर मतदाताओं से समर्थन मांगा और 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में भाजपा के पक्ष में वोट देने का आग्रह किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)