डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा तीन पाली में हुई:84.88 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल, प्रदेश में 213 केंद्र बनाए गए

Oct 13, 2026 - 19:34
0
डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा तीन पाली में हुई:84.88 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल, प्रदेश में 213 केंद्र बनाए गए
परीक्षा नियामक प्राधिकारी (PNP) प्रयागराज की ओर से आयोजित डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर (आंशिक/बैक पेपर) की परीक्षा मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच तीन पाली में कराई गई। इस परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी जिलों में कुल 213 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें पंजीकृत कुल 74,500 अभ्यर्थियों में से औसतन 84.88 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 14 अक्टूबर को इस परीक्षा का समापन होगा। सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की चहल-पहल देखी गई। पहली पाली में सुबह 10 से 11 बजे तक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 82.69 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। इसके बाद दूसरी पाली में सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक गणित विषय की परीक्षा हुई, जिसमें सबसे ज्यादा 89.27 फीसदी उपस्थिति देखने को मिली। दोपहर में 2 से शाम 4 बजे तक आयोजित तीसरी पाली की सामाजिक अध्ययन परीक्षा में 82.68 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने केंद्रों पर की छापेमारी परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी और नकल रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पूरी तरह सक्रिय नजर आई। परीक्षा के दौरान परीक्षा नियामक प्राधिकारी प्रयागराज के सचिव राजेन्द्र प्रताप तथा उप कुलसचिव डॉ. हिमांशु सिंह ने खुद मैदान में उतरकर प्रयागराज के प्रमुख केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। पहली पाली की परीक्षा के समय दोनों अधिकारियों ने पीएमश्री राजकीय इण्टर कॉलेज, प्रयागराज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद दूसरी पाली में गणित के पेपर के दौरान अफसरों की टीम डॉ. केपी जायसवाल इण्टर कॉलेज, प्रयागराज पहुंची और परीक्षा कक्षों की चेकिंग की। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। पीएनपी सचिव राजेन्द्र प्रताप ने बताया कि प्रदेश के सभी 213 केंद्रों से प्राप्त आख्या के अनुसार डीएलड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा पूरी तरह अनुशासित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User