भाजपा विधायक का पार्थिव शरीर आवास पहुंचा:दोपहर 12 बजे से अंतिम यात्रा, नगला देवहंस में होगा अंतिम संस्कार

Sep 25, 2026 - 10:10
0
भाजपा विधायक का पार्थिव शरीर आवास पहुंचा:दोपहर 12 बजे से अंतिम यात्रा, नगला देवहंस में होगा अंतिम संस्कार
आगरा में फतेहाबाद सीट से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन हो गया। गुरुवार देर शाम 8.30 बजे उन्होंने नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। 73 साल के छोटेलाल वर्मा को कई दिनों से बुखार था। दो दिन पहले 22 सितंबर को तबियत बिगडने पर उन्हें आगरा में उपाध्याय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार अलसुबह करीब 4 बजे पार्थिव शरीर उनके आवास पर पहुंचा। सुबह से समर्थकों और पार्टी नेताओं की भीड़ लगी है। परिजनों ने बताया कि दोपहर 12 बजे अंतिम यात्रा उनके पैतृक गांव नगला देवहंस के लिए निकलेगी। वहीं पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। तेज बुखार के बाद बिगड़ी हालत हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राजीव उपाध्याय ने बताया, विधायक छोटेलाल वर्मा को तेज बुखार था। हालात बिगड़ने पर गुरुवार को दिल्ली के गंगाराम हॉस्पिटल में रेफर किया गया था। एंबुलेंस से उन्हें वहां ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई। इस पर उन्हें नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई। विधायक के बेटे महेंद्र वर्मा ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर दिया गया, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। सीएम योगी, यूपी बीजेपी अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने भाजपा विधायक के निधन पर शोक जताया। 7 जुलाई, 1953 को आगरा में जन्मे छोटे लाल वर्मा मल्लाह (निषाद) समाज से आते थे। उनकी अपनी विधानसभा में पिछड़ों और कमजोर वर्गों के बीच गहरी पैठ थी। वे खेती और पेट्रोल पंप व्यवसाय से भी जुड़े हुए थे। भाजपा से बगावत की, फिर भाजपा में ही लौटे छोटेलाल वर्मा 4 बार विधायक चुने गए। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1993 में भाजपा से की। इसके बाद वह 2002 में दूसरी बार भाजपा से विधायक चुने गए। 2007 के चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया। इसके बाद वे समाजवादी पार्टी में चले गए। चुनाव लड़े, लेकिन हार मिली। 2012 के चुनाव में छोटेलाल ने एक बार फिर पार्टी बदल दी। यह चुनाव उन्होंने बसपा के टिकट पर लड़ा और चुनाव जीते। लेकिन, 2022 के चुनाव से पहले वे भाजपा में शामिल हो गए और चौथी बार चुनाव जीतकर विधायक बने। ये तस्वीर 2024 की है। आगरा में पीएम मोदी का विधायक छोटेलाल का स्वागत किया था। ये तस्वीर 2024 की है। आगरा में पीएम मोदी का विधायक छोटेलाल का स्वागत किया था। छोटेलाल वर्मा के निधन पर नेताओं ने जताया शोक सीएम योगी ने लिखा- विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखा- इस कठिन और पीड़ादायक समय में उनके परिजनों से बात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढाढस बंधाया। अपनों को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लिखा- प्रभु श्रीहरि जी से प्रार्थना है कि छोटेलाल जी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके समर्थकों एवं परिजनों को दु:ख सहन करने की शक्ति दें। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने लिखा- जनसेवा के प्रति छोटेलाल जी का समर्पण तथा अपने क्षेत्र की जनता के हितों के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने लिखा- मेरी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। जब मेले में विधायक के जूते चोरी हुए, नंगे पैर चले अप्रैल, 2022 में विधायक छोटे लाल वर्मा के जूते चोरी हो गए थे। दरअसल शमशाबाद क्षेत्र के धिमश्री में सती मेले का उद्घाटन करने गए थे। उद्घाटन के बाद विधायक मंदिर के दर्शन करने के लिए जूते बाहर उतार कर गए थे। लेकिन, दर्शन करने के बाद जब बाहर आए तो उनके जूते चोरी हो गए। आसपास के लोगों ने उनके जूते ढूंढने में मदद की, लेकिन जूते नहीं मिले। अंत में विधायक को नंगे पैर ही गाड़ी में जाना पड़ा। इस पर उन्होंने कहा कि कोई गरीब आदमी जिसके पास जूते नहीं थे, शायद वह मेरे जूते पहन गया है। मेरी मां सती से कामना है कि उस गरीब आदमी का भला करें और उसे खुशहाल रखें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User