भारतीय ओलिंपिक संघ की एग्जीक्यूटिव काउंसिल का चुनाव 5 दिसंबर:पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव रिटर्निंग ऑफिसर काउंसिल का कार्यकाल 10 दिसंबर को खत्म होगा
भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) की एग्जीक्यूटिव काउंसिल के चुनाव 5 दिसंबर को होंगे, जबकि मौजूदा काउंसिल का कार्यकाल 10 दिसंबर को खत्म होगा। दिल्ली और चंडीगढ़ के पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव (रिटायर्ड IAS) को इलेक्टोरल ऑफिसर/रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। IOA चुनाव प्रक्रिया में एथलीट्स कमीशन के चुनाव और स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (SOM) के चयन की प्रक्रिया भी शामिल है। IOA ने यह प्रक्रिया नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट, 2025, इसके 2026 के नियमों और IOA के संशोधित संविधान के तहत शुरू की है। 18 अक्टूबर तक SOM के लिए आवेदन कर सकेंगे खिलाड़ी चुनावी प्रक्रिया के पहले चरण में 18 सितंबर से स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (SOM) के रोस्टर में शामिल होने के लिए आवेदन शुरू किए गए थे। योग्य खिलाड़ी 18 अक्टूबर 2026 तक आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इसके बाद निर्धारित योग्यता और कैटेगरी के आधार पर रोस्टर तैयार किया जाएगा। पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव एथलीट्स कमीशन, SOM और एग्जीक्यूटिव काउंसिल से जुड़ी चुनावी प्रक्रिया का संचालन और निगरानी करेंगे। मतदाता सूची तैयार करने, नामांकन, दस्तावेजों की जांच, वोटिंग, मतगणना और नतीजों की घोषणा की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। 3 नवंबर को एथलीट्स कमीशन का चुनाव, 10 खिलाड़ी होंगे सदस्य IOA के एथलीट्स कमीशन के 2026-2030 कार्यकाल के लिए चुनाव 3 नवंबर को होंगे। इसी दिन वोटिंग, मतगणना और नतीजों की घोषणा की जाएगी। नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन्स (NSF) को अपनी विधिवत गठित एथलीट्स कमीशन के जरिए दो एथलीट प्रतिनिधियों के नाम 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक भेजने होंगे। एथलीट्स कमीशन में कुल 10 चुने हुए खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें 5 पुरुष और 5 महिला खिलाड़ी होंगी। नियमों के तहत ओलंपिक कैटेगरी के खिलाड़ियों और प्रमुख प्रतियोगिताओं में उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को विशेष प्रतिनिधित्व देने का प्रावधान है। पीटी उषा बोलीं- गुड गवर्नेंस और पारदर्शिता मजबूत करने की दिशा में अहम कदम IOA अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने चुनाव प्रक्रिया को भारतीय ओलिंपिक आंदोलन में गुड गवर्नेंस, पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य ओलिंपिक चार्टर और राष्ट्रीय खेल प्रशासन के नियमों के अनुरूप मजबूत, विश्वसनीय और एथलीट-केंद्रित संस्थाओं का निर्माण करना है। पीटी उषा के मुताबिक, अनुभवी पूर्व चुनाव आयुक्त को चुनाव अधिकारी नियुक्त करना स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के प्रति IOA की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि IOA चुनाव प्रक्रिया की स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए जरूरी सहयोग देगा। एथलीटों की खेल प्रशासन में सार्थक भागीदारी भारतीय खेलों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। 2036 ओलिंपिक की मेजबानी के लिए भारत IOC के साथ बातचीत में शामिल भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के संबंध में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के साथ कंटीन्यूअस डायलॉग में शामिल सात देशों में से एक है। भारत के अलावा जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये भी इस प्रक्रिया में शामिल हैं। IOA के मुताबिक, भारत की दावेदारी के लिए अहमदाबाद को प्रस्तावित मेजबान शहर के रूप में चिन्हित किया गया है। पीटी उषा ने कहा कि 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की कोशिशों में मजबूत प्रशासन और एथलीट-केंद्रित दृष्टिकोण की अहम भूमिका होगी। IOA ने बताया कि चुनाव से संबंधित नोटिफिकेशन, आवेदन फॉर्म, मतदाता सूची और अन्य जानकारियां अपनी आधिकारिक वेबसाइट तथा निर्धारित चुनावी संचार माध्यमों पर जारी की जाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)