बहन के बच्चा नहीं होने पर चुराया था नवजात:नोएडा से स्कूटी से दिल्ली लेकर गए, आठ घंटे में पुलिस ने पकड़ा
सेक्टर-110 स्थित मैटरनिटी चाइल्ड अस्पताल से तीन दिन की नवजात बच्ची चोरी करने वाली महिला ने अपनी बहन के लिए बच्चा चोरी किया था। उसकी बहन की शादी नौ साल पहले हुई थी, लेकिन अब तक कोई संतान नहीं हुई थी। बच्चा नहीं होने के कारण लोग तरह-तरह के ताने देते थे। इसी से परेशान होकर महिला ने बहन को बच्चा देने के लिए चोरी की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। स्कूटी से चोरी कर हुए थे फरार
एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए महिला ने करीब नौ दिन पहले ही भंगेल में किराये पर कमरा लिया था। पुलिस ने शुक्रवार रात दिल्ली से नवजात को सकुशल बरामद कर लिया था। बच्ची के घर पहुंचने पर परिजनों ने खुशी मनाई। आरोपी महिला की पहचान बागपत निवासी उपासना के रूप में हुई है। वह दिल्ली के करावल नगर निवासी अपने भाई कपिल की स्कूटी से नवजात को लेकर गई थी। सरकारी मदद दिलाने का दिया था भरोसा
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे गौतम पत्नी के साथ चिकित्सक के पास गए थे। इस दौरान बच्ची उनकी सास रक्षा देवी के पास थी। रक्षा देवी सामान समेट रही थी। इसी बीच बच्ची को संभालने के बहाने मौजूद महिला उसे लेकर चली गई। सपना के मुताबिक, संदिग्ध महिला ने सरकारी मदद दिलाने के नाम पर परिवार का भरोसा जीता था। उसने कहा था कि बेटी पैदा होने पर सरकार की ओर से ढाई हजार रुपये मिलेंगे। इसके लिए कुछ कागजी कार्रवाई करनी होगी और बच्ची को साथ लेकर जाना पड़ेगा। इसी बहाने उसने परिवार के लोगों का विश्वास हासिल किया और बच्ची को लेकर चली गई। दो टीम लगाई गई
कुछ देर बाद बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने अस्पताल में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर हंगामा हुआ। सूचना पर अस्पताल के अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी पहुंचे। इसके बाद फेज-दो थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने तत्काल दो टीमें बच्ची की तलाश में लगाईं, जबकि दूसरी टीम ने अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस दिल्ली पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। वारदात के करीब आठ घंटे के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया।
दंपति की पहली संतान है नवजात
शुरुआत में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि वह बच्ची को रुपये देकर लाई थी, जबकि परिजनों ने इससे इनकार किया। गौतम की पहली शादी वर्ष 2018 में हुई थी, जबकि दिसंबर 2024 में उन्होंने सपना से दूसरी शादी की थी। नवजात सपना की पहली संतान है। बच्ची के सुरक्षित घर लौटने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)