बहराइच में 65 फुट के रावण का होगा दहन:कुंभकर्ण-मेघनाद के पुतले और भव्य आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र

Oct 19, 2026 - 17:44
0
बहराइच में 65 फुट के रावण का होगा दहन:कुंभकर्ण-मेघनाद के पुतले और भव्य आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र
बहराइच में असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा महोत्सव मंगलवार को जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के झिंगहाघाट स्थित सरयू तट के निकट रामलीला मैदान में चल रही रामलीला का मंगलवार को रावण दहन के साथ समापन होगा। शहर के पांडवकालीन सिद्धनाथ मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद लंकेश अपनी सेना के साथ रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद भगवान श्रीराम और रावण की सेना के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया जाएगा। युद्ध के पश्चात भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के साथ ही 65 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रामलीला महोत्सव में हर वर्ष रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई बढ़ाई जाती है। इस बार रावण का पुतला 65 फुट, कुंभकर्ण का 21 फुट और मेघनाद का 17 फुट ऊंचा तैयार किया गया है। पुतलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। समिति के अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल ने बताया कि रामलीला महोत्सव को हाईटेक और भव्य बनाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। मथुरा-वृंदावन के कलाकारों द्वारा शानदार मंचन किया जा रहा है, जिसे दर्शकों का खूब समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि दशहरा महोत्सव में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए समिति की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रावण दहन के बाद होने वाली भव्य एवं आकर्षक आतिशबाजी इस बार भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। समिति के मीडिया प्रभारी ने बताया कि समिति द्वारा 121वां दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा दर्शकों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि विजय दशमी को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पी ए सी के साथ स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया जा रहा है । इसके साथ ही पूरे नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User