बहराइच में मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली:लखीमपुर-खीरी के अपराधी पर दर्ज थे 48 से ज्यादा मुकदमे, साथी फरार

Oct 20, 2026 - 07:01
0
बहराइच में मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर के पैर में लगी गोली:लखीमपुर-खीरी के अपराधी पर दर्ज थे 48 से ज्यादा मुकदमे, साथी फरार
बहराइच पुलिस की सोमवार की देर रात करीब 11 बजे बौंडी थाना क्षेत्र में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई । इस दौरान जवाबी कार्रवाई में लखीमपुर-खीरी के हिस्ट्रीशीटर जाबिर के पैर में गोली लगी है , जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर कार से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। रविवार की देर रात नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर वैवाही रोड के पास क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और खैरीघाट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान दो आरोपी दूसरी गाड़ी से फरार हो गए थे। फरार आरोपियों की तलाश में बौंडी पुलिस खैरा बाजार क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार बदमाश पक्की बिलासपुर मोड़ तिराहे के पास मौजूद है । सूचना पर बौंडी पुलिस व स्वाट टीम मौके पर पहुंची। टॉर्च की रोशनी पड़ते ही एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान जाबिर उर्फ जाकिर पुत्र सुल्तान निवासी तुर्क बलिया, थाना ईसानगर, लखीमपुर खीरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से 6500 रुपये नकद, चांदी की दो जोड़ी पायल, 17 बिछिया, टॉप्स, तीन अंगूठी, एक जोड़ी झाला, तमंचा-कारतूस और मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में जाबिर ने फरार साथी का नाम नसीम उर्फ ठेकेदार निवासी चंद्रशाह कला, ईसानगर बताया। वह सिल्वर रंग की सेंट्रो कार से फरार हुआ। घायल जाबिर को पुलिस सुरक्षा में सीएचसी फखरपुर भेजा गया। पुलिस के मुताबिक जाबिर लखीमपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब 48 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी व अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User