बहराइच में तेंदुए के हमले से किसान की मौत:घर से 200 मीटर दूर जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव, ग्रामीणों ने पिंजड़ा लगाने की मांग की
बहराइच के मोतीपुर थाना क्षेत्र में जंगल किनारे खेत में धान काटने गए किसान पर तेंदुए ने हमला कर मार डाला। रविवार सुबह किसान का क्षत-विक्षत शव अमरोहा बाबा जंगल के अंदर बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में वन विभाग ने तेंदुए के हमले से मौत की आशंका जताई है। घटना के बाद जंगल से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने और जंगल के आसपास सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, राजपुर कला के बनकटवा गांव निवासी 52 वर्षीय उस्मान शनिवार को धान काटने के लिए अपने खेत पर गए थे। उनका खेत जंगल के किनारे स्थित है। परिजनों के मुताबिक, उस्मान दोपहर करीब एक से तीन बजे के बीच खेत पर गए थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रातभर तलाश के बाद जंगल में मिला शव उस्मान के लापता होने की जानकारी मिलने पर गांव के लोग भी उनकी तलाश में जुट गए। ग्रामीणों और परिजनों ने जंगल के आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन रातभर उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद टीम ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान अमरोहा बाबा जंगल में करीब 200 मीटर अंदर उस्मान का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के चौकी इंचार्ज अवनीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेंदुए के हमले से किसान की मौत होने की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मोतीपुर रेंजर केके सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों में दहशत, पिंजड़ा लगाने की मांग इस घटना से जंगल के किनारे बसे गांवों के किसानों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को अब खेतों में अकेले जाने और फसलों की कटाई करने में भी डर लग रहा है। लोगों ने वन विभाग से जंगल के पास पिंजड़ा लगाने, जंगली जानवर की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)