सड़क हादसे में परिवार के 10 लोग घायल:खीर लेकर मंदिर जा रहे परिवार का पलटा था ई-रिक्शा, पांच बच्चों समेत 10 घायल
फिरोजाबाद में परिवार की खुशहाली की कामना के साथ कई वर्षों से भंडारा आयोजित करने वाला परिवार इस बार भी मडुआ वाली माता के मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने जा रहा था। घर में बनी खीर लेकर निकले परिवार की खुशियों पर रास्ते में हुए हादसे ने ग्रहण लगा दिया। अचानक ई-रिक्शा पलटने से पांच बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए। रिक्शा बच्चों के ऊपर गिरने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों को बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव बसई मोहम्मदपुर निवासी एक ही परिवार के लोग ई-रिक्शा से गांव माडवा स्थित मडुआ वाली माता के मंदिर पर आयोजित भंडारे के लिए खीर लेकर जा रहे थे। ई-रिक्शा निरोत्तम सिंह चला रहा था। बताया गया है कि वह किसी से ई-रिक्शा मांगकर लाया था। रास्ते में अचानक रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। हादसे में बच्चों समेत परिवार के 10 लोग घायल हो गए। घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश घायलों में विमलेश (16), सोनम (10), रितिक (5), वंदना (2), नितिन (3), रागनी (5), कुसमा देवी (30), निशा (17) और प्रीती (35) सहित अन्य लोग शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के मुताबिक, चार घायलों को फिरोजाबाद के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी घायलों को बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया था। उन्होंने उपचार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सीएमएस डॉ. नवीन जैन को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे। परिजनों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से परिवार की खुशहाली के लिए भंडारे का आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार भी इसी परंपरा के तहत मंदिर पर भंडारा करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार को संकट में डाल दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)