बीजेपी प्रत्याशी डॉ ढिल्लो ने कराया नामांकन:नामांकन में पहुंचे मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा विपक्ष विदेशी ताकतों संग रच रहे षड्यंत्र
बरेली में MLC चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले मिशन कंपाउंड में सभा आयोजित की गई। इसमें कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने आरोप लगाया कि लंबे समय से चुनावी हार झेल रहा विपक्ष अब विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश की संवैधानिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की साजिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव आयोग और उसके अधिकारियों के परिवार और बच्चों तक को निशाना बना रहे हैं। उनके मुताबिक, संवैधानिक संस्थाओं और पुलिस-प्रशासन के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा करना विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बन गया है। 'क्या मृतकों और बाहरी लोगों को भी वोट डालने दें?' मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष के सवालों पर चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और गलत नाम हटाने का काम कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या विपक्ष चाहता है कि मृत लोग भी मतदान करें? क्या ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में रहें, जो पलायन कर चुके हैं या भारत के नागरिक नहीं हैं? उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण जरूरी प्रक्रिया है और इसमें बाधा डालना विपक्ष की हताशा को दिखाता है। 'विरोध का अधिकार है, अराजकता फैलाने का नहीं' विपक्ष के प्रस्तावित पैदल मार्च पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी राजनीतिक दलों को है। भाजपा ने भी विपक्ष में रहते हुए नीतियों का विरोध किया है। लेकिन विरोध की आड़ में जनता को भड़काना, षड्यंत्र करना या देश की आंतरिक शांति बिगाड़ना स्वीकार नहीं किया जा सकता। '1962 के बाद पहली बार मोदी के नेतृत्व में हैट्रिक' 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने इसे 1962 के बाद पहली बार हुई ऐसी उपलब्धि बताया। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के अपेक्षित नतीजे नहीं आने पर उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है। साथ ही चुनावी नतीजों की समीक्षा कर कमियों को दूर करने पर काम किया जा रहा है। महंगाई पर बोले- वैश्विक संकट के बावजूद सप्लाई चेन संभाली खाड़ी युद्ध और वैश्विक संकट के कारण दुनिया में सप्लाई चेन प्रभावित होने का जिक्र करते हुए चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समझौते कर देश में जरूरी वस्तुओं और ऊर्जा की आपूर्ति बनाए रखी। स्वामी प्रसाद मौर्य के भाजपा सरकार की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से करने वाले बयान पर चौधरी ने कहा कि सनातन धर्म, साधु-संतों और धार्मिक ग्रंथों को लेकर दिए गए उनके बयानों के कारण जनता ने उन्हें नकार दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य और सपा पर भी निशाना अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सत्ता से बाहर रहने पर सामाजिक न्याय की बात करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद परिवार और एक विशेष जाति को प्राथमिकता देती है। उन्होंने सपा के 2012 से 2017 के शासनकाल पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि उस दौरान सरकारी नौकरियों की सूची सैफई से तय होती थी और प्रदेश में दंगों की स्थिति बनी रही। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता उस दौर को भूली नहीं है। कार्यकर्ताओं से की अपील सभा में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के पक्ष में मतदान की अपील की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपनी पुरानी गलतियों के लिए जनता और गुरुजनों से क्षमा मांगें और पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)