बिजली विभाग के नोटिस से भड़कीं दुर्गा पूजा कमेटियां, बोलीं:लाखों रुपये खर्च कर तैयार किए गए पूजा पंडालों को हटाने का निर्देश

Oct 10, 2026 - 18:26
0
बिजली विभाग के नोटिस से भड़कीं दुर्गा पूजा कमेटियां, बोलीं:लाखों रुपये खर्च कर तैयार किए गए पूजा पंडालों को हटाने का निर्देश
अयोध्या जिले के हैरिंग्टनगंज क्षेत्र के पलिया चौराहे पर पिछले 45 वर्षों से लग रहे दुर्गा पूजा पंडाल को लेकर बिजली विभाग और पूजा कमेटी शनिवार 10 अक्टूबर को आमने-सामने आ गए हैं। विद्युत वितरण निगम ने हाईटेंशन और एलटी लाइन के नीचे बने पंडाल को हटाने का नोटिस जारी किया है। वहीं, ऐन वक्त पर नोटिस मिलने से नाराज पूजा कमेटी ने समस्या का समाधान नहीं होने पर दुर्गा प्रतिमा नहीं लाने और पूजा स्थापित नहीं करने की चेतावनी दी है। विद्युत वितरण उपखंड मिल्कीपुर के उपखंड अधिकारी की ओर से नौ अक्टूबर 2026 को श्री नव दुर्गा पूजा समिति, पलिया चौराहा को नोटिस जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि विभागीय निरीक्षण के दौरान पंडाल 11 केवी और 33 केवी हाईटेंशन लाइन अथवा एलटी लाइन के नीचे या बेहद नजदीक पाया गया। विभाग ने इसे विद्युत सुरक्षा मानकों के विपरीत बताते हुए तार टूटने, शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग से आग लगने और जनहानि की आशंका जताई है। नोटिस में पंडाल और तोरण द्वार तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा बिजली के तारों से निर्धारित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अनदेखी से दुर्घटना होने पर आयोजकों की व्यक्तिगत और कानूनी जिम्मेदारी तय की जाएगी। विद्युत अधिनियम 2003 के तहत कार्रवाई की बात भी कही गई है। श्री नवदुर्गा पूजा कमेटी पलिया लोहानी के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अभिषेक भद्र सिंह और अन्य सदस्यों का कहना है कि पंडाल की तैयारी शुरू होने के समय ही बिजली विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई थी। उस समय कोई आपत्ति नहीं जताई गई। अब लाखों रुपये खर्च होने और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचने के बाद पंडाल हटाने का नोटिस दिया गया है। कमेटी ने कहा कि अंतिम समय में पंडाल हटाना आर्थिक नुकसान के साथ आयोजन के लिए भी संकट पैदा करेगा। फिलहाल बिजली विभाग की सुरक्षा संबंधी आपत्तियों और कमेटी की नाराजगी के बीच पूजा आयोजन को लेकर असमंजस बना हुआ है। अब प्रशासन और संबंधित विभाग के हस्तक्षेप से समाधान निकलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User