बिजनौर में बारिश से गिरे रेलवे के दो पुराने भवन:भागूवाला में पशुशाला और कई कच्चे मकान भी ढहे, बाल बाल बचे लोग
बिजनौर जिले में लगातार बारिश के कारण रविवार देर शाम को भवन गिर गए। धामपुर रेलवे स्टेशन परिसर में करीब 8 बजे दो पुराने रेलवे भवन ढह गए, वहीं भागूवाला के रामदासवाली गांव में एक पशुशाला का लिंटर भी गिर गया। राहत की बात यह है कि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई। धामपुर में जीआरपी चौकी के पीछे स्थित एक पुराने रेलवे आवास में पहले आरपीएफ चौकी चलती थी। बाद में इसे नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया था। इस पुराने भवन में आरपीएफ का फर्नीचर और कुछ अन्य सामान रखा हुआ था। रविवार रात करीब 8 बजे तेज बारिश के दौरान आरपीएफ की पुरानी चौकी और उसके पास का एक और आवास अचानक भरभराकर गिर गया। भवनों के गिरने की आवाज सुनकर रेलवे कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। भागूवाला क्षेत्र के रामदासवाली गांव में वीर सिंह दास की करीब पांच सौ फीट की पशुशाला का लिंटर भी बारिश के कारण गिर गया। हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। वीर सिंह दास ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। लिंटर गिरने से कुछ देर पहले ही उन्होंने अपनी एक बड़ी और एक छोटी भैंस को दूसरे सुरक्षित स्थान पर बांध दिया था। इसके तुरंत बाद लिंटर ढह गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)