बीमारियों से जूझ रहे 3 लोगों को आयुष्मान कार्ड बांटे:लीवर, कैंसर और दिव्यांगता पीड़ित लाभार्थियों को इलाज में मिलेगी आर्थिक राहत
रामपुर में जनता दर्शन के दौरान सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने गंभीर बीमारी और दिव्यांगता से जूझ रहे तीन पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। कार्ड मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी और राहत दिखाई दी। उन्होंने आयुष्मान योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बताया। ग्राम माटखेड़ा निवासी आसिक अली पुत्र हबीब अहमद लीवर की बीमारी से पीड़ित हैं। उन्हें डीएम ने आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। वहीं ज्वालानगर, सदर निवासी प्रभा कुमारी पत्नी धर्मपाल, जो कैंसर से पीड़ित हैं, और हघेर रहमत खां, सदर निवासी जराफशा पत्नी इरफान मियां, जो दिव्यांग हैं, को भी आयुष्मान कार्ड दिए गए। लाभार्थियों ने बताया कि गंभीर बीमारी के इलाज का खर्च उनके परिवारों के लिए चिंता का विषय बना हुआ था। आयुष्मान कार्ड मिलने के बाद उन्हें उपचार के खर्च को लेकर आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है। उन्होंने इसके लिए जिलाधिकारी और प्रशासन का आभार जताया। सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन की ओर से जनता दर्शन के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड मिलने से तीनों लाभार्थियों को गंभीर बीमारी और दिव्यांगता की स्थिति में उपचार को लेकर राहत मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)