बकरियों के सब्जियां खाने के विवाद में महिला की हत्या:बाजार बंद कर व्यापारियों ने जताया विरोध; परिजनों ने रखीं चार मांगें; SDM के आश्वासन पर माने

Oct 05, 2026 - 09:11
0
बकरियों के सब्जियां खाने के विवाद में महिला की हत्या:बाजार बंद कर व्यापारियों ने जताया विरोध; परिजनों ने रखीं चार मांगें; SDM के आश्वासन पर माने
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के तख्त का पुरवा गांव में बकरियों के सब्जियां खाने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान घायल आरती केसरवानी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही रविवार को हीरागंज बाजार के व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया। वहीं, परिजनों ने मांगें पूरी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। आरती के पति मनोज कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र नंदलाल केसरवानी निवासी वार्ड नंबर 12, रामनगर (तख्त का पुरवा), हीरागंज ने जिलाधिकारी को दिए मांग पत्र में बताया कि 22 सितंबर की शाम करीब छह बजे बकरी को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संतराम पुत्र कनपुरिया, शिवमूरत पुत्र रामदेव, सियालाल पुत्र रामदेव और अर्जुन उर्फ कल्लू पुत्र शिवपूजन समेत उनके परिवार की महिलाओं ने आरती के साथ मारपीट की। गंभीर हालत में आरती को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पनेशिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां 3 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम करीब चार बजे शव घर पहुंचा। इसके बाद परिवार ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। परिजनों ने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई, 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार की सुरक्षा के लिए दो लाइसेंसी असलहे और जीवनयापन के लिए पांच बीघा जमीन देने की मांग की है। साथ ही घटना में शामिल सभी लोगों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। चार आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरती की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। परिजन अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। SDM के आश्वासन पर अंतिम संस्कार को राजी तनाव की सूचना पर कुंडा SDM रविवार रात करीब 11 बजे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह श्रृंगवेरपुर धाम में आरती का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्था की है। इस दौरान लेखपाल आशीष कुमार, महेशगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार, हीरागंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता उदय शंकर पांडेय, भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह ‘पप्पन’, आदित्य सिंह ‘पप्पन’ समेत कई सभासद और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User