बलरामपुर डीएम-एसपी ने त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर किया फ्लैग-मार्च:शारदीय नवरात्रि और दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन से निगरानी
बलरामपुर में शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन और एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इसके जरिए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और स्पष्ट संदेश दिया गया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी। बाजारों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा फ्लैग मार्च के दौरान डीएम और एसपी ने नगर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर व्यवस्था के लिए सुझाव भी लिए। उन्होंने लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान ड्रोन कैमरों तथा सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर प्रशासन सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखेगा। साइबर और सोशल मीडिया सेल भ्रामक अफवाहें फैलाने, भड़काऊ टिप्पणियां करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। एसपी ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि किए किसी संदेश या सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है या कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, कोतवाली नगर और कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक, महिला थाना प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)