बलरामपुर जिला पुस्तकालय का 20 लाख रुपये से कायाकल्प:प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को मिल रहा बेहतर माहौल, डीएम ने किया निरीक्षण

Oct 04, 2026 - 17:29
0
बलरामपुर जिला पुस्तकालय का 20 लाख रुपये से कायाकल्प:प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को मिल रहा बेहतर माहौल, डीएम ने किया निरीक्षण
बलरामपुर। राजकीय जिला पुस्तकालय अब महज किताबों की अलमारियों तक सीमित नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक अध्ययन केंद्र के रूप में आकार ले रहा है।डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में क्रिटिकल गैप से मिली 20 लाख रुपये की धनराशि से पुस्तकालय का कायाकल्प किया गया है। आधुनिक सुविधाओं, बेहतर फर्नीचर, व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था और उपयोगी अध्ययन सामग्री से पुस्तकालय का माहौल अब विद्यार्थियों को आकर्षित कर रहा है। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने रविवार दोपहर 3 बजे बीएसए कार्यालय परिसर स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया।उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों,अध्ययन कक्ष,बैठने की व्यवस्था और विद्यार्थियों को मिल रही अन्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी तैयारियों और सुविधाओं की स्थिति भी जानी। डीएम ने छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए पूछा कि वे किन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और पुस्तकालय में उन्हें अध्ययन के लिए किस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं।विद्यार्थियों ने पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण को उपयोगी बताया। डीएम ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन सामग्री और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।आर्थिक स्थिति अथवा संसाधनों की कमी किसी भी विद्यार्थी की सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।इसी उद्देश्य से पुस्तकालय को सुविधासंपन्न बनाया गया है। पुस्तकालय में विभिन्न विषयों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।शांत और व्यवस्थित वातावरण में विद्यार्थी लंबे समय तक एकाग्र होकर अध्ययन कर पा रहे हैं।बेहतर फर्नीचर और बैठने की व्यवस्था ने भी अध्ययन के माहौल को सुविधाजनक बनाया है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की बदलती जरूरतों के अनुरूप नई और उपयोगी पुस्तकों का संग्रह लगातार बढ़ाया जाए।साथ ही उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय को केवल पुस्तक पढ़ने की जगह न रखकर ज्ञान,अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए विद्यार्थी पूरी लगन और निरंतरता के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। सफलता के लिए मेहनत के साथ अनुशासन और समय का सदुपयोग भी बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User