बलरामपुर में बारिश-आंधी से 500 से ज्यादा बिजली पोल गिरे:45 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त, 72 घंटे से बिजली ठप

Sep 27, 2026 - 07:10
0
बलरामपुर में बारिश-आंधी से 500 से ज्यादा बिजली पोल गिरे:45 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त, 72 घंटे से बिजली ठप
बलरामपुर में पिछले करीब 72 घंटे से जारी अतिवृष्टि और तेज आंधी ने विद्युत व्यवस्था को व्यापक नुकसान पहुंचाया है। प्रारंभिक आकलन में 500 से अधिक विद्युत पोल गिरने या क्षतिग्रस्त होने,45 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मरों के डबल पोल से नीचे गिरने तथा कई स्थानों पर 33/11 केवी विद्युत लाइनों के जमीन पर आने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच विद्युत आपूर्ति बहाल करना चुनौती बना हुआ है।हालांकि जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के लिए अतिरिक्त संसाधनों और टीमों के साथ युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में विद्युत विभाग की टीमें लगातार क्षति का आकलन कर रही हैं।विभागीय स्टोर खुलवाकर क्षतिग्रस्त क्षेत्रों के लिए आवश्यक विद्युत पोल,तार,ट्रांसफॉर्मर और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है,ताकि मौसम अनुकूल होते ही मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। जिला प्रशासन के अनुसार कई स्थानों पर मरम्मत कार्य पूरा कर विद्युत आपूर्ति बहाल भी की जा चुकी है।वहीं,अनेक इलाकों में अभी भी लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण विद्युत लाइनों पर काम करना सुरक्षित नहीं है।प्रशासन का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में जल्दबाजी में आपूर्ति बहाल करना दुर्घटना का कारण बन सकता है।इसलिए सुरक्षा जांच के बाद ही चरणबद्ध तरीके से विद्युत आपूर्ति शुरू की जाएगी। डीएम ने बताया कि जहां मौसम और परिस्थितियां अनुकूल हैं,वहां अतिरिक्त संसाधनों एवं विद्युत कर्मियों की टीमें लगाकर आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है।बारिश और आंधी कम होते ही क्षतिग्रस्त लाइनों,पोल और ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत में और तेजी लाई जाएगी। डीएम ने जिलेवासियों से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की है।उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोगों को हो रही परेशानी का प्रशासन को पूरा संज्ञान है और विद्युत विभाग की टीमें चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से विशेष रूप से अपील की कि गिरे हुए विद्युत पोल,टूटे तार अथवा जमीन पर पड़े विद्युत तारों को बिल्कुल न छुएं और उनके पास न जाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User