बलरामपुर में पुल निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:बारिश में ठप हो जाता है आवागमन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Oct 11, 2026 - 16:34
0
बलरामपुर में पुल निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन:बारिश में ठप हो जाता है आवागमन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
बलरामपुर में बारिश शुरू होते ही बाढ़ और जलभराव से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने लौकहवा डिप पर पुल निर्माण की मांग उठाई है। रविवार दोपहर 3 बजे तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के हर्रैया सतघरवा ब्लॉक में हरिहरगंज–ललिया–बनकटवा मार्ग पर स्थित लौकहवा डिप के पास समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल के नेतृत्व में लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान युगल किशोर शुक्ल ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर पुल निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हरिहरगंज–ललिया–बनकटवा मार्ग के किलोमीटर 11 पर स्थित लौकहवा डिप से हेंगहा, डोरवा, गौरैया और चकैया समेत कई नालों का पानी तेज बहाव के साथ गुजरता है। बारिश में पानी सड़क पर भर जाने से आवागमन ठप हो जाता है। इससे ग्रामीणों को जिला मुख्यालय बलरामपुर पहुंचने में भी परेशानी होती है। संकरा रास्ता, हादसों का खतरा ग्रामीणों के मुताबिक, लौकहवा डिप पर सड़क की चौड़ाई कम होने और ऊंचाई में अचानक बदलाव के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। दोहरी सड़क का हिस्सा संकरा होकर एकल मार्ग में बदल जाता है। सड़क का स्तर अचानक नीचे होने से वाहन चालकों को स्थिति का अंदाजा नहीं मिल पाता। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यहां कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मकुनहवा के पूर्व प्रधान स्वर्गीय चेतराम वर्मा की भी इसी मार्ग पर बाढ़ के पानी में बहने से मौत हो गई थी। कई अन्य घटनाओं में तैराकों और सुरक्षा बलों की मदद से लोगों की जान बचाई गई। इसके बावजूद यहां स्थायी पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। सुरक्षा बलों के लिए भी महत्वपूर्ण मार्ग यह मार्ग ग्रामीणों के साथ प्रशासन और सुरक्षा बलों के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसी सड़क पर ललिया थाना और हर्रैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय स्थित हैं। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान और सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज के कर्मचारी भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। बारिश में रास्ता बाधित होने से ग्रामीणों, मरीजों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को परेशानी होती है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण की प्रक्रिया तेज करने और जल्द काम शुरू कराने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में मनमोहन तिवारी, कृष्ण कुमार वर्मा (पूर्व प्रधान), राकेश कुमार मिश्रा एडवोकेट, इरफान, भग्गन, सुभाष चंद्र, माता प्रसाद, राम कुमार, अकबर अली, कृष्ण कुमार गिरी, पवन यादव, मुंशी, विश्राम, चंद्रिका चौहान, मुसीबत, आनंद राम, फिरोज, भग्गु लाल, पुजारी, सूरज सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User