बलरामपुर में सीएम दौरे से पहले डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा:मां पाटेश्वरी मंदिर से हेलीपैड तक लिया जायजा, लापरवाही पर सख्त रुख

Oct 10, 2026 - 12:23
0
बलरामपुर में सीएम दौरे से पहले डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा:मां पाटेश्वरी मंदिर से हेलीपैड तक लिया जायजा, लापरवाही पर सख्त रुख
बलरामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बलरामपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार,10 सितंबर 2026 को डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन और एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने तुलसीपुर स्थित आदिशक्ति मां पाटेश्वरी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुबह 10:30 बजे आयोजित ब्रीफिंग में अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वीवीआईपी सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचकर पूरी सतर्कता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करे। सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट पर त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करें। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें मुस्तैद रहें। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कार्यक्रम के दौरान आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। बैरियर व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा भी बनी रहे। ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल,वीआईपी प्रवेश द्वार,सेफ हाउस और पार्किंग स्थल सहित यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा प्रबंधों को सुव्यवस्थित रखने,बैरियरों की व्यवस्था दुरुस्त करने और यातायात संचालन को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User