बरामदे में फंदे से लटका मिला युवक का शव:हरदोई में पत्नी के अलग रहने के बाद अकेला रहता था
हरदोई में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुर गांव में शनिवार सुबह 35 वर्षीय मनोहर का शव घर के बरामदे में टिन शेड के नीचे गमछे के सहारे लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, मनोहर करीब तीन महीने पहले पत्नी और बच्चों के साथ रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली गया था। वहां पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने के फैसले के बाद वह अकेले गांव लौट आया था। परिजनों का कहना है कि इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। मनोहर के भाई रामनिवास ने बताया कि करीब तीन महीने पहले मनोहर पत्नी मोहिनी और बच्चों को लेकर दिल्ली गया था। कुछ दिन बाद मोहिनी ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने का फैसला कर लिया। मनोहर ने उसे समझाने और बच्चों का वास्ता देने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद मोहिनी बच्चों को छोड़कर अलग रहने लगी। गांव लौटने के बाद शराब पीने लगा रामनिवास के मुताबिक, पत्नी के अलग होने के बाद मनोहर अकेले अपने पैतृक गांव लौट आया। इसके बाद वह तनाव और अकेलेपन में रहने लगा तथा शराब पीने लगा। शुक्रवार शाम वह नशे की हालत में घर पहुंचा और हंगामा किया। बाद में वह सोने चला गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी मौत के कारण की पुष्टि शनिवार सुबह परिजनों ने मनोहर का शव बरामदे में फंदे से लटका देखा। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पर शाहाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अरविंद कुमार राय के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)