बरेली कॉलेज में मनाया NSS स्थापना दिवस:विशेषज्ञों ने छात्रों को दिए मानसिक स्वास्थ्य और स्वच्छता के टिप्स

Sep 25, 2026 - 12:53
0
बरेली कॉलेज में मनाया NSS स्थापना दिवस:विशेषज्ञों ने छात्रों को दिए मानसिक स्वास्थ्य और स्वच्छता के टिप्स
बरेली कॉलेज के एम.एड. सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की छात्र एवं छात्रा इकाइयों द्वारा एनएसएस का स्थापना दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर "मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता: चुनौतियाँ और समाधान" विषय पर एक विशेष व्याख्यान सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें 80 से 90 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. राजीव यादव ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस कुलगीत प्रस्तुत करने के बाद डॉ. राजीव यादव ने छात्रों को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। सत्र में जिला अस्पताल की मुख्य वक्ता डॉ. राखी गौतम ने व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ दिनचर्या और एचआईवी/एड्स से बचाव के अहम उपाय साझा किए। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य परामर्श के लिए जिला अस्पताल के कमरा नंबर 27 में सुबह 10 से 2 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। वहीं, विशेषज्ञ वक्ता मनमोहन ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और संतुलन पर व्यावहारिक टिप्स देते हुए कमरा नंबर 38 में निःशुल्क परामर्श सुविधा की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में छात्र इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभांशु शेखर ने मुख्य अतिथि डॉ. राजीव यादव को स्मृति चिह्न भेंट किया। अन्य अतिथियों के हाथों मुख्य वक्ता डॉ. राखी गौतम और श्री मनमोहन को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमिता गुप्ता ने किया और डॉ. अजीता सिंह तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन अतिथियों व स्वयंसेवकों द्वारा किए गए पौधरोपण और जलपान के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User