बरेली में बाइक हटाने को लेकर मारपीट:ट्रैक्टर चालक ने परिवार के साथ मिलकर मां-बेटों को पीटा, युवक के दांत तोड़े

Oct 14, 2026 - 09:51
0
बरेली में बाइक हटाने को लेकर मारपीट:ट्रैक्टर चालक ने परिवार के साथ मिलकर मां-बेटों को पीटा, युवक के दांत तोड़े
बरेली के निसोई गांव में घर के दरवाजे पर खड़ी बाइक हटाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक नईम खान ने अपने परिवार के साथ मिलकर मोबीना और उनके बेटों पर हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने छोटे बेटे सहीव के चेहरे पर ईंट मार दी, जिससे उसके दांत टूट गए। हमले में मोबीना भी घायल हो गईं। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मोबीना की शिकायत पर बिशारतगंज पुलिस ने बुधवार, 14 अक्टूबर को नईम समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गाली देने का विरोध किया तो मारपीट मोबीना ने पुलिस को बताया कि मंगलवार, 13 अक्टूबर की देर शाम उनके बेटे की बाइक घर के दरवाजे पर खड़ी थी। तभी मोहल्ले का नईम खान (पुत्र अमजद खान) ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर वहां से निकला। रास्ता संकरा होने पर उसने गाली देते हुए बाइक हटाने को कहा। मोबीना के बड़े बेटे साकिब खान ने गाली देने का विरोध किया तो नईम ने उससे मारपीट शुरू कर दी। छोटे बेटे सहीव खान ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसी दौरान नईम ने सहीव के चेहरे पर ईंट मार दी। इससे उसके दांत टूट गए और खून बहने लगा। परिवार के लोगों को बुलाकर हमला करने का आरोप शिकायत के मुताबिक, इसके बाद नईम ने मोहसीन (पुत्र याकूब), साहरा (पत्नी इरफान) और इल्मा (पुत्री इरफान) को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर मोबीना और उनके बेटों को लाठी-डंडों से पीटा और पथराव किया। इस दौरान मोबीना के पैर में भी ईंट लगी, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। बिशारतगंज थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नईम, मोहसीन, साहरा और इल्मा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User