बरेली में CM योगी का चुनावी शंखनाद:योगी 9 जिलों के शिक्षक सम्मेलन में MLC प्रत्याशी ढिल्लो के लिए मांगेंगे वोट
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बिसात बिछने लगी है। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक MLC चुनाव को सत्ताधारी दल भाजपा के लिए बड़ा लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बरेली क्लब ग्राउंड में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में पहुंचे। सीएम अपने तय कार्यक्रम से 30 मिनट पहले, यानी दोपहर 2:00 बजे के बजाय 1:30 बजे ही जनसभा स्थल पहुंच गए। मंच पर बरेली और मुरादाबाद मंडल के 9 जिलों के तमाम दिग्गज नेता, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद हैं। सीएम योगी यहां भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से वोट की अपील करेंगे। भाजपा प्रत्याशी ढिल्लो के लिए मांगेंगे वोट बरेली क्लब ग्राउंड में आयोजित इस विशाल शिक्षक सम्मेलन में सीएम योगी भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में शिक्षकों से वोट मांगेंगे। भाजपा ने अपने मौजूदा एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो पर एक बार फिर भरोसा जताया है, जबकि समाजवादी पार्टी ने उनके सामने हाजी दानिश अख्तर पर दांव लगाया है। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला तय माना जा रहा है। मंच पर मंत्रियों और सांसदों का लगा जमावड़ा शिक्षक सम्मेलन के मुख्य मंच पर बरेली और मुरादाबाद दोनों मंडलों के दिग्गज नेताओं की पूरी मौजूदगी देखने को मिली। मंच पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री व राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, मंत्री जेपीएस राठौर और गन्ना मंत्री संजय गंगवार मौजूद रहे। इनके साथ ही सांसद छत्रपाल गंगवार, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी समेत सभी प्रमुख विधायक व एमएलसी भी मंच पर डटे रहे। बैलेट पेपर से इम्तिहान, विपक्ष के दावों की भी परीक्षा यह चुनाव सीधे तौर पर बैलेट पेपर के जरिए कराया जा रहा है, जिसकी वजह से सियासी पारा और चढ़ गया है। विपक्ष लंबे समय से विधानसभा और आम चुनावों में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से वोटिंग कराने की मांग उठाता रहा है। ऐसे में बैलेट पेपर पर होने वाला यह मुकाबला जहां विपक्ष के लिए अपनी जमीनी ताकत साबित करने का मौका है, वहीं भाजपा के लिए अपनी मौजूदा सीट बरकरार रखने की बड़ी चुनौती है। दो मंडलों के 9 जिलों से जुटे शिक्षक इस सम्मेलन में बरेली और मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले 9 जिलों—बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर और संभल—से हजारों शिक्षक पहुंचे हैं। शिक्षक वर्ग को अपने पाले में करके भाजपा न केवल इस MLC सीट पर अपनी पकड़ मजबूत रखना चाहती है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी बड़ा राजनीतिक माहौल तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है। 3:30 बजे लखनऊ के लिए होंगे रवाना मुख्यमंत्री का बरेली दौरा कुल साढ़े तीन घंटे का तय है। जनसभा को संबोधित करने से पहले ग्राम प्रहरियों के सम्मान का कार्यक्रम भी रखा गया। सीएम के आगमन को देखते हुए बरेली क्लब मैदान और आसपास के इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एडीजी, कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसएसपी सहित आला अधिकारी लगातार सुरक्षा का जायजा लेते रहे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सीएम सीधे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)