बरेली में कटरा जैसा वैष्णो देवी धाम:100 मीटर लंबी पानी की गुफा, 40 साल पुराना है सिद्ध पीठ
शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि पर बरेली का कैंट इलाका पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है। जो श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर के कटरा जाकर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने में असमर्थ हैं, उनके लिए बरेली का यह वैष्णो देवी धाम आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इसे हूबहू जम्मू के मुख्य धाम की तर्ज पर तैयार किया गया है, जहां पहुंचते ही श्रद्धालुओं को कटरा जैसा ही पावन अहसास होता है। 100 मीटर लंबी पानी की गुफा से गुजरते हैं श्रद्धालु
कैंट स्थित ऐतिहासिक धोपेश्वरनाथ मंदिर परिसर में बने इस धाम की खासियत यहां की 100 मीटर लंबी गुफा है। मंदिर में प्रवेश करने के लिए भक्तों को इस संकरी और पानी वाली गुफा से होकर निकलना पड़ता है। ठंडे पानी के बीच जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है। गुफा पार करते ही सामने तीन पिंडी स्वरूप में माता वैष्णो देवी के अलौकिक दर्शन होते हैं। सच्चे मन से आने वालों की हर मुराद होती है पूरी
मंदिर के पुजारी नंदकिशोर भोज ने बताया कि इस पावन धाम को स्थापित हुए करीब 40 साल हो चुके हैं। उनका कहना है कि जो लोग आर्थिक तंगी या शारीरिक अस्वस्थता के चलते कटरा नहीं जा पाते, वे यहां आकर माता के वही दर्शन पा सकते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से अर्जी लगाने वाले हर भक्त की मनोकामना माता रानी अवश्य पूरी करती हैं। नवरात्र के पावन मौके पर सुबह से ही यहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)