अधिवक्ता हत्याकांड का लाइव वीडियो:पहली बार सामने आया पूरा घटनाक्रम, रॉड से सिर पर वार से बौखलाए आरोपी ने दाग दी गोली
प्रयागराज में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की हत्या का लाइव वीडियो पहली बार सामने आया है। 15 अक्टूबर की घटना से जुड़े इस वीडियो में विवाद के दौरान हुई मारपीट से लेकर गोली चलने और सतीश के सड़क पर गिरने तक का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों में हो रही मारपीट के दौरान ही सतीश मुख्य आरोपी देवेंद्र मिश्र के सिर पर रॉड से वार करते नजर आते हैं। इसके तुरंत बाद देवेंद्र रिवॉल्वर निकालकर सतीश पर गोली चला देता है। गोली लगने के बाद भी सतीश रॉड से वार करने की कोशिश करते हैं, लेकिन कुछ ही देर में वह सड़क पर गिर पड़ते हैं। रॉड से वार के बाद पीछे हटने लगा देवेंद्र वीडियो में सबसे पहले दिखता है कि नीले रंग की शर्ट पहने युवक और देवेंद्र नाथ मिश्रा के बीच मारपीट हो रही है। पीछे की ओर अन्य लोग भी मारपीट करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान अधिवक्ता सतीश दौड़कर आते हैं जिनके हाथ में लोहे की रॉड जैसी कई चीज नजर आती है। वह देवेंद्र के सिर पर इसी रॉड से वार करते हैं। चोट लगने के बाद देवेंद्र पीछे की ओर हटने लगता है। सतीश दोबारा रॉड उठाकर वार करने के लिए आगे बढ़ते हैं, तभी देवेंद्र अपनी रिवॉल्वर निकालता है और सतीश पर गोली चला देता है। गोली लगने के बाद भी सतीश रॉड से वार करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनके हाथ से रॉड छूटकर गिर जाती है। वह पेट पकड़कर कुछ पल खड़े रहते हैं और फिर सड़क पर गिर पड़ते हैं। दूसरी ओर, गोली चलाने के बाद देवेंद्र भी पीछे की ओर गिर जाता है। वीडियो में उसके सिर से खून निकलता दिखाई देता है। पिता को बेसुध देख चीखने लगी बेटी गोली चलने के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग देवेंद्र की ओर बढ़ते दिखाई देते हैं। उसे जमीन पर बेसुध पड़ा देख सतीश की बेटी वैशाली भी उसकी तरफ दौड़ती है। इसी बीच किसी के चिल्लाने की आवाज आती है कि सतीश को गोली लग गई है। यह सुनकर वैशाली पिता की ओर लौटती है। सतीश को बेसुध पड़ा देखकर वह चीखने लगती है। वीडियो में नीली शर्ट पहने एक युवक और दरोगा भी दिखाई देते हैं। यानी वीडियो से परिजनों के उस बयान की भी पुष्टि होती है जिसमें उन्होंने कहा था कि गोली दरोगा के सामने मारी गई। जमीन पर कब्जे को लेकर था विवाद सतीश चंद्र श्रीवास्तव की हत्या के मामले में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया था। उनकी पत्नी वर्षा की तहरीर के मुताबिक, देवेंद्र नाथ मिश्र उर्फ झुन्ने, उसके बेटे अमरेंद्र और नृपेंद्र, पत्नी शैल और 8-10 अज्ञात लोग घर में घुसे थे। तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने मारपीट और तोड़फोड़ की। इसी दौरान देवेंद्र ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सतीश के पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बाद सतीश को पहले राज नर्सिंग होम ले जाया गया। वहां से उन्हें स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दो आरोपी जेल भेजे गए, बाकी की तलाश पुलिस ने मामले में देवेंद्र मिश्र और उसके बेटे नृपेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। देवेंद्र का दूसरा बेटा अमरेंद्र और पत्नी शैल फरार बताए गए हैं। पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। लाइसेंसी रिवॉल्वर के इस्तेमाल को लेकर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 30 भी बढ़ाई गई है। सतीश की हत्या के बाद परिजनों और अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। परिजनों ने मुआवजे, बेटियों को नौकरी देने, आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य मांगें रखी थीं। पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाने को तैयार हुए थे। निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर कैंडल मार्च उधर, शनिवार शाम परिजनों ने अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। जिला पंचायत कार्यालय से शुरू हुआ मार्च जिलाधिकारी आवास तक पहुंचा। यहां परिजनों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)