बस्ती में मनोरमा नदी में डूबा इकलौता बेटा, मौत:नहाते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा, 20 मिनट बाद मिला शव

Oct 19, 2026 - 19:04
0
बस्ती में मनोरमा नदी में डूबा इकलौता बेटा, मौत:नहाते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा, 20 मिनट बाद मिला शव
बस्ती के हर्रैया नगर पंचायत स्थित मनोरमा नदी घाट पर सोमवार दोपहर 3 बजे नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। स्नान करते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने करीब 20 मिनट तक तलाश के बाद शाम 4:30 बजे युवक का शव नदी से बाहर निकाला। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। नगर पंचायत हर्रैया के मुरादीपुर, वार्ड नंबर-9 कुंवर नगर के रहने वाले महेंद्र सिंह के बेटे विशाल सिंह सोमवार दोपहर बाइक से मनोरमा नदी घाट पर पहुंचे थे। उन्होंने घाट के किनारे बाइक खड़ी की और उस पर कपड़े व मोबाइल रखकर नहाने के लिए नदी में उतर गए। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवक को डूबता देखकर घाट पर मौजूद बच्चों ने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक विशाल पानी में समा चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। हर्रैया कोतवाली पुलिस के साथ नायब तहसीलदार शालिनी पटेल और लेखपाल मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। शुरुआती प्रयास में सफलता नहीं मिलने पर दुबौलिया थाना क्षेत्र के उभाईं गांव से गोताखोर सागर निषाद और उनकी टीम को बुलाया गया। नदी में शैवाल और जलीय घास अधिक होने से तलाश में परेशानी हुई। इसके बावजूद गोताखोरों ने अभियान चलाकर करीब 20 मिनट में विशाल को बाहर निकाल लिया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। इकलौते बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। नायब तहसीलदार शालिनी पटेल ने आगामी मूर्ति विसर्जन को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख घाटों पर गोताखोरों, कुशल नाविकों और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की बात कही। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User