5 साल की मासूम को रस्सी से बांधकर पीटा, VIDEO:खेत में जाने से नाराज होकर की खाट से बांधकर की पिटाई, केस दर्ज
मैनपुरी में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ मारपीट की गई। खेलते-खेलते खेत में पहुंची बच्ची को रस्सी से बांधकर मारपीट की गई। बच्ची को खाट पर बांधकर प्रताड़ित किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। इतना ही नहीं, बच्ची की मां ने आरोपियों पर अपने साथ भी गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास करने की बात कही है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव बुर्रा का है। यहां रहने वाली ममता देवी पत्नी आशीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति ड्राइविंग का काम करते हैं और अक्सर घर से बाहर रहते हैं। 19 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे उनकी पांच वर्षीय बेटी तान्वी खेलते-खेलते गांव के सुधीर पुत्र रामरहीस के खेत में पहुंच गई थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर सुधीर, लालता प्रसाद पुत्र जबर सिंह और पुष्पेंद्र उर्फ हाजी पुत्र रामरहीस बच्ची को खेत में ले गए।
महिला का आरोप है कि तीनों ने मिलकर मासूम को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। बच्ची को खाट पर बांधकर प्रताड़ित किए जाने का वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है। वीडियो में बच्ची के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ममता देवी के अनुसार, जब उन्हें बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। महिला ने शिकायत में बताया कि वह गर्भवती हैं। इसके बावजूद आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद महिला ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले में सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची के साथ मारपीट से संबंधित वीडियो संज्ञान में आया है। मां की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)