बुजुर्ग महिला को सड़क पर पटका, सोने की चेन लूटी:कानपुर में त्योहारी खरीदारी कर लौट रही थीं, बदमाशों ने पीछे से पकड़ा

Oct 19, 2026 - 22:07
0
बुजुर्ग महिला को सड़क पर पटका, सोने की चेन लूटी:कानपुर में त्योहारी खरीदारी कर लौट रही थीं, बदमाशों ने पीछे से पकड़ा
कानपुर के लालबंगला में सोमवार रात त्योहार की खरीदारी कर घर लौट रही 62 वर्षीय महिला से लूटपाट की गई। घर से करीब 100 मीटर पहले पीछे से आए बदमाश ने उनका मुंह दबाया और सड़क पर पटक दिया। आरोप है कि बदमाश महिला के गले से करीब 7 ग्राम की सोने की चेन और लॉकेट तोड़कर गुरुद्वारे की तरफ भाग गया। विरोध करने और शोर मचाने पर महिला को चोटें आईं। उनकी आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें घर पहुंचाया। महिला की बहू अमेठी में पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर तैनात हैं। घटना की सूचना पर चकेरी एसीपी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। घर से 100 मीटर पहले पीछे से पकड़ा लालबंगला के परदेवनपुरवा निवासी हरिशंकर मिश्रा अपनी पत्नी आशा मिश्रा के साथ रहते हैं। उनका बेटा अंकित मिश्रा बिरला ग्रुप में शिक्षक है, जबकि बहू अंजलि मिश्रा अमेठी में एएसआई हैं। आशा मिश्रा ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह पैदल त्योहार की खरीदारी करने लालबंगला गई थीं। खरीदारी के बाद लौटते समय घर से करीब 100 मीटर पहले एक युवक पीछे से आया और उनका गला पकड़ लिया। उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया और सड़क पर पटक दिया। इसके बाद गले से सोने की चेन और लॉकेट तोड़कर गुरुद्वारे की तरफ पैदल भाग निकला। महिला के मुताबिक, चेन करीब 7 ग्राम की थी। बाइक सवार दो युवकों के पीछा करने का आरोप आशा मिश्रा ने आरोप लगाया कि लालबंगला की तरफ से घर लौटते समय बाइक सवार दो युवक उनका पीछा कर रहे थे। हालांकि, लूटपाट को एक ही युवक ने अंजाम दिया। घटना के बाद घायल महिला सड़क पर दर्द से कराहने लगीं। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे और उन्हें घर पहुंचाया। सूचना मिलने पर चकेरी एसीपी आशुतोष कुमार सिंह और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User