बुलंदशहर में दबंगों ने बुजुर्ग दंपत्ति और बेटों को पीटा:घर में बंधक बनाकर धारदार हथियारों से हमला, वीडियो आया सामने

Oct 05, 2026 - 16:04
0
बुलंदशहर में दबंगों ने बुजुर्ग दंपत्ति और बेटों को पीटा:घर में बंधक बनाकर धारदार हथियारों से हमला, वीडियो आया सामने
बुलंदशहर की शिकारपुर तहसील के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढक नगला (माजरा डोमला हसनगढ़) से एक सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ दबंगों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति और उनके बेटों को अपने घर में बंधक बनाकर लोहे की रॉड, पाइप और धारदार हथियारों से बेरहमी से पीटा। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ सरेआम बदतमीजी की गई और कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र करने का भी प्रयास किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 3 अक्टूबर की शाम लगभग 4:00 बजे की है। पीड़ित महिला ने बताया कि सड़क पर गांव के ही देवेंद्र पुत्र वीर सिंह, मोनू पुत्र रामबाबू और विष्णु पुत्र देवेंद्र ने बिना किसी वजह के उनके पति के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पीड़िता ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सभी पीड़ितों को दबंगों के चंगुल से मुक्त कराया ​इसके बाद जब दंपत्ति के दोनों बेटे मौके पर पहुंचे, तो पूरा परिवार केवल यह पूछने आरोपी देवेंद्र के घर जा रहा था कि उनके साथ मारपीट क्यों की गई। आरोप है कि इसी दौरान देवेंद्र ने अपने भाइयों, बेटों और अन्य परिजनों को बुला लिया। दबंगों ने पूरे परिवार को जबरन खींचकर अपने घर के अंदर बंद कर लिया और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। ​पीड़िता का कहना है कि वे गिड़गिड़ाते रहे और पैर पकड़कर माफी मांगते रहे, लेकिन हमलावरों ने कोई रहम नहीं दिखाया। लविश और विष्णु नामक युवकों पर महिला के साथ अभद्रता करने और कपड़े फाड़ने का उकसावा देने का भी आरोप है। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने किसी तरह सभी पीड़ितों को दबंगों के चंगुल से मुक्त कराया। ​देर रात का यह खौफनाक वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User