राजभर बोले- सपा-कांग्रेस मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करती हैं:अम्बेडकरनगर में कहा- वोट तो चाहते हैं, पर राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं देते; ओवैसी का समर्थन किया
अम्बेडकरनगर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर मुस्लिम वोटों की सियासत करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के मुस्लिम राजनीति को लेकर दिए गए बयानों का समर्थन किया। राजभर ने कहा कि सपा और कांग्रेस मुस्लिमों का वोट तो चाहती हैं, लेकिन उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी देने के लिए तैयार नहीं हैं। राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 20 प्रतिशत है। प्रदेश की करीब 60 विधानसभा सीटों पर मुस्लिम मतदाता चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की स्थिति में हैं। इसके बावजूद कई सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशियों के बजाय यादव प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति में यादवों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलता है, जबकि मुस्लिम मतदाता केवल वोट बैंक बनकर रह जाते हैं। उन्होंने सपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि दोनों दलों ने लंबे समय तक मुस्लिम मतदाताओं का इस्तेमाल किया। कांग्रेस की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव में 150 सीटों की मांग और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘जिताऊ प्रत्याशी’ वाले बयान पर भी राजभर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि जिताऊ प्रत्याशी तय करने का पैमाना क्या है। राजभर ने दावा किया कि गोरखपुर, बांदा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में सपा के भीतर विवाद और मारपीट की स्थिति बनी, जिसके बाद संगठन की कमेटियां तक भंग करनी पड़ीं। उन्होंने कहा कि दूसरों को नसीहत देने से पहले अखिलेश यादव को अपनी पार्टी के अंदर चल रहे विवादों को सुलझाना चाहिए। विपक्षी दलों के प्रदर्शनों पर भी राजभर ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष वोट बैंक की राजनीति के लिए माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। राजभर ने कहा कि 2014 से पहले केंद्र में कांग्रेस और 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार थी। मौजूदा भाजपा-एनडीए सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है, जिससे विपक्ष परेशान है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)