बुलंदशहर में हनी सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा और बाइक बरामद; एक साथी फरार
बुलंदशहर में हनी सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार तड़के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली नगर क्षेत्र में बदनौरा कट के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी होने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान चला रही है। 17 अक्टूबर को चाकू से हमला कर की गई थी हत्या पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की रात कुछ बदमाशों ने हनी सिंह पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कोतवाली नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। बदनौरा कट पर चेकिंग के दौरान दिखे बाइक सवार सोमवार सुबह करीब 4 बजे कोतवाली नगर पुलिस बदनौरा कट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर ईडन गार्डन की तरफ भागने लगे। पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी पर घिरने के बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कुश उर्फ युग गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुश उर्फ युग पुत्र परवेश कुमार, निवासी देवीपुरा वाल्मीकि बस्ती, कोतवाली नगर, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हनी सिंह हत्याकांड में नामजद है। फरार साथी को पकड़ने के लिए तलाश और कांबिंग अभियान जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)