बुलंदशहर में किसान की हत्या में परिवार पर शक:20 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, फोरेंसिक जांच में घर के अंदर मिले खून के निशान
बुलंदशहर के शिकारपुर थाना क्षेत्र के नरेन्द्रपुर रनाइच गांव में किसान लालाराम प्रजापति की हत्या को पुलिस बेहद सुनियोजित वारदात मानकर जांच कर रही है। हत्या के 20 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। फोरेंसिक जांच और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की दिशा परिवार और बेहद करीबी लोगों की ओर मुड़ गई है। पुलिस का दावा है कि वह आरोपियों के बेहद करीब पहुंच चुकी है और जल्द हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। घर के बाहर मिला था क्षत-विक्षत शव लालाराम की नृशंस हत्या के बाद उनका क्षत-विक्षत शव घर के बाहर गली में मिला था। हत्यारों ने उनकी दाहिनी टांग घुटने के ऊपर से काट दी थी। परिजनों के मुताबिक, लालाराम छत पर सोए थे। वहीं जांच के दौरान मकान के निचले हिस्से में बंद कमरों के दरवाजों और फर्श पर खून के ताजा निशान मिले। वाइपर पर मिला खून, फर्श धोने के संकेत जांच के दौरान घर में रखा वाइपर भी खून से सना मिला। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए फर्श को धोया गया। इन परिस्थितियों ने पुलिस की जांच को परिवार और नजदीकी लोगों की ओर मोड़ दिया है। क्राइम सीरियल देखकर बनाई थी प्लानिंग? जांच में यह बात भी सामने आई है कि वारदात को अंजाम देने वाले ने पहले से इसकी तैयारी की थी। आरोप है कि कातिल ने क्राइम कंट्रोल सीरियल के माध्यम से यह देखने की कोशिश की कि हत्या के बाद पुलिस की पकड़ से कैसे बचा जा सकता है। पुलिस इसी बिंदु समेत अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है। जमीन बेचने की बात भी जांच के दायरे में गांव में लालाराम की किसी से सीधी रंजिश नहीं थी। वह खेती के साथ हलवाई का काम भी करते थे। उनके पास करीब 20 बीघा जमीन थी। कुछ जमीन वह पहले ही बेच चुके थे और पिछले कुछ समय से बाकी जमीन बेचने की बात भी कर रहे थे। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है। एसपी देहात बोले- आरोपियों के करीब पहुंचे एसपी देहात अंतरिक्ष जैन का कहना है कि पुलिस आरोपियों के बेहद करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही इस हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाकर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)