बुलंदशहर में कल्पना वर्मा बनीं भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष:पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार करते हुए रविवार शाम 6 बजे कल्पना वर्मा को बुलंदशहर जनपद का भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह का माहौल है। मूल रूप से संगठन में सक्रिय रहने वाली कल्पना वर्मा इससे पहले महिला मोर्चा में जिला महामंत्री के महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। संगठनात्मक कार्यों के प्रति उनकी निष्ठा और सामाजिक क्षेत्रों में लगातार सक्रियता को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वनियुक्त जिलाध्यक्ष को पार्टी के जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और फोन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि कल्पना वर्मा के नेतृत्व में जिले में महिला संगठन को एक नई मजबूती मिलेगी। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कल्पना वर्मा का पुराना अनुभव पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक धार देने में मददगार साबित होगा। उनके कुशल मार्गदर्शन में महिला सशक्तीकरण के अभियान को और गति मिलेगी तथा अधिक से अधिक महिलाएं पार्टी की विचारधारा से जुड़ेंगी। अपनी नियुक्ति के बाद कल्पना वर्मा ने भाजपा के शीर्ष केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ जिला अध्यक्ष विकास चौहान के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतरेंगी और सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा व समर्पण भाव के साथ करेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को बुलंदियों पर ले जाना है। साथ ही, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके अधिकारों के प्रति उन्हें जागरूक करने और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)