बुलंदशहर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने को विशेष अभियान:छूटे नाम जोड़ने के लिए मतदान केंद्रों पर कैंप लगाए जा रहे
बुलंदशहर में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और सूची को अद्यतन करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने और किसी भी छूटे हुए मतदाता का नाम जोड़ने के उद्देश्य से विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। इसके तहत सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ने अपने-अपने बूथों पर शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर अवशेष मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने से संबंधित कार्यवाही पूरी की। आगामी शनिवार को भी इसी प्रकार विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। आज आयोजित विशेष कैंप के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार हर्ष ने डीएवी इंटर कॉलेज में पहुंचकर बूथ संख्या 219 से 230 तक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा प्राप्त किए जा रहे विभिन्न प्रपत्रों का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप पूरी तरह शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे बीएलओ द्वारा प्राप्त किए जा रहे सभी फार्मो की भली-भांति जाँच करें, ताकि निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में कोई त्रुटि न रहे। इसके साथ ही, सभी बीएलओ को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि आयोग के पोर्टल और वेबसाइट पर प्राप्त फार्मो को समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन अपलोड किया जाए। इस विशेष निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह भी उपस्थित रहे और उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि जो युवा मतदाता 1 जनवरी या अहर्ति तिथियों के आधार पर पात्र हो चुके हैं या जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, वे आगामी 24 अक्टूबर को लगने वाले कैंप का लाभ उठाकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)