बुलंदशहर में NHM संविदा कर्मियों का धरना:12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी
बुलंदशहर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय के साथ जिले की सभी सीएचसी और पीएचसी से आए सैकड़ों संविदा कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं, हालांकि आपातकालीन सेवाएं चालू रखी गईं। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। 15 से 18 साल से काम करने का दावा धरने का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि संविदा कर्मी पिछले 15 से 18 वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कोविड महामारी, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और टीबी उन्मूलन जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी उन्होंने काम किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और राजस्थान जैसे राज्यों में संविदा कर्मियों को वेतन संरचना, महंगाई भत्ता, स्थानांतरण और ईपीएफ जैसी सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में उन्हें इन सुविधाओं से वंचित रखा गया है। नियमितीकरण और समान वेतन समेत कई मांगें संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग की। इसके अलावा कर्मचारियों ने कैशलेस इलाज, महंगाई भत्ता, ग्रेच्युटी, गृह जनपद में स्थानांतरण और अनुकंपा नियुक्ति की सुविधा देने की मांग उठाई। संगठन की अन्य मांगों में आउटसोर्स कर्मचारियों का जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन और नियमित भर्तियों में 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करना शामिल है। 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार जिला महामंत्री डॉ. तहसीन रजा ने बताया कि 5 से 7 अक्टूबर तक कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद 10 अक्टूबर तक जनपद स्तर पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, जिला उपाध्यक्ष डॉ. योगेश शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं, तो 12 अक्टूबर से प्रदेशभर के NHM कर्मचारी लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)