बुलंदशहर में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत:साथी गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर; सैटरिंग के सामान से लदी थी पिकअप
बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिकंदराबाद-ककोड़ मार्ग पर नगला गोविंदपुर के पास सैटरिंग का सामान लादकर जा रही तेज रफ्तार टाटा पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वैर से गांव लौट रहे थे दोनों युवक जानकारी के अनुसार, नगला गोविंदपुर निवासी दिलसान शुक्रवार शाम करीब 7:05 बजे अपने साथी के साथ वैर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वे नगला गोविंदपुर के पास पहुंचे, सामने से आ रही सैटरिंग के सामान से लदी पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। युवक की मौत, साथी हायर सेंटर रेफर हादसे में दिलसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल युवक को तुरंत वैर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल (हायर सेंटर) रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने पिकअप को घेरा, पुलिस ने किया जब्त हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रही दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को मौके पर ही रोक लिया। सूचना मिलते ही ककोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। ककोड़ के थाना प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया- शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलते ही सुसंगत धाराओं में वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)