बुलंदशहर में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक:कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए, काला आम चौराहे पर हुआ हंगामा
बुलंदशहर में लोकतंत्र और मतदान के अधिकार की रक्षा की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने रविवार दोपहर 2 बजे बुलंदशहर की सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मतलूब अली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया जब सपा कार्यकर्ता जुलूस के रूप में डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रास्ते में भारी बैरीकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही कार्यकर्ता काला आम चौराहे के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस द्वारा रोके जाने से आक्रोशित कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और यातायात ठप करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सपाइयों का आरोप है कि वर्तमान सरकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के वोट देने के अधिकार पर हमला किया जा रहा है। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए सड़क पर बैठे कार्यकर्ताओं को जबरन उठाना शुरू कर दिया और कई प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मौके से हटा दिया। जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक की लड़ाई लड़ेगी। पुलिस-प्रशासन के बल प्रयोग से कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। प्रदर्शन के चलते काला आम चौराहे और आसपास के इलाकों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)