AMU में रातभर बंद रहे गेट, दिन में खुले:रात भर आरिज की रिहाई पर अड़ा छात्र आंदोलन, अब AMUTA ने भी दिया छात्रों को समर्थन
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रसंघ की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शनिवार रात युवक आरिज को हिरासत में लेने के बाद और उग्र हो गया था। इसके बाद यह आंदोलन रविवार सुबह तक कैंपस के गेट बंद कराने तक पहुंच गया। आरिज को हिरासत में लिए जाने के विरोध में छात्र रातभर धरना स्थल पर डटे रहे और मांग पूरी नहीं होने पर गेट बंद रखने का फैसला किया। प्रॉक्टर कार्यालय में देर रात तक चली वार्ता भी बेनतीजा रही। रात करीब 12 से 12:30 बजे तक प्रॉक्टर कार्यालय में छात्रों और इंतजामिया के बीच बातचीत होती रही। जब कोई ठोस समाधान नहीं निकला तो छात्रों ने गेट बंद रखने का निर्णय लिया। इसके बाद छात्र धरना स्थल पर ही डटे रहे। सुबह तक चलता रहा गेट खुलवाने का प्रयास रातभर गेट बंद रहने के बाद सुबह विश्वविद्यालय इंतजामिया और पुलिस के कुछ अधिकारियों ने गेट खुलवाने की कोशिश की। कई घंटे की कवायद के बाद करीब 10 बजे के बाद स्थिति बदली। सबसे पहले मेडिकल कॉलेज वाला गेट खोला गया। इसके बाद बाब-ए-सैयद गेट भी खोल दिया गया। गेट खुलने के बाद कैंपस में आवागमन सामान्य हुआ, लेकिन आरिज की रिहाई की मांग को लेकर छात्रों का धरना खत्म नहीं हुआ। रातभर जागे छात्र, दिन में धरने पर कम हुई संख्या रातभर चले घटनाक्रम के बाद रविवार दिन में धरना स्थल पर छात्रों की संख्या काफी कम रही। ज्यादातर छात्र आराम करने चले गए। कुछ छात्र भूख हड़ताल पर बैठे रहे, जबकि करीब आधा दर्जन छात्र दिन में धरना स्थल पर मौजूद रहे। यानी गेट खुल गए, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ। छात्रों का कहना है कि उनकी मूल मांग पर अभी कोई समाधान नहीं निकला है। शाम को फिर जुटने की तैयारी, गेट बंद करने पर भी चर्चा सूत्रों के मुताबिक रविवार शाम छात्र एक बार फिर बड़ी संख्या में धरना स्थल पर जुट सकते हैं। आंदोलन को आगे किस रूप में ले जाना है, इस पर छात्रों के बीच रणनीति तैयार की जा रही है। अंदरखाने यह भी चर्चा है कि यदि शाम को फिर बड़ा प्रदर्शन होता है तो सभी गेट बंद करने जैसे कदम पर दोबारा विचार किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में छात्रों की ओर से अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। AMUTA भी छात्रों के समर्थन में इधर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन (AMUTA) ने भी छात्रों के आंदोलन को समर्थन दे दिया है। इससे छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रहे आंदोलन को अब शिक्षकों के संगठन का समर्थन भी मिल गया है। छात्र पहले से ही आंदोलनरत हैं। इसी बीच शनिवार को पुलिस प्रॉक्टर टीम के साथ उसे हिरासत में लेने पहुंची थी। इसके बाद कैंपस में विरोध बढ़ा और देर शाम आंदोलन ने बड़ा रूप ले लिया। अब नजर शाम के घटनाक्रम पर रविवार सुबह गेट खुलने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में फिलहाल आवाजाही शुरू हो गई है, लेकिन धरना जारी है। रातभर चले गतिरोध के बाद अब पूरा फोकस शाम के घटनाक्रम पर है। छात्र फिर जुटते हैं या आंदोलन का अगला चरण तय करते हैं, इससे कैंपस का माहौल दोबारा गरमा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)