बुलंदशहर में युवक ने जहर खाकर जान दी:अफेयर के मामले में पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया, परिजनों ने जांच की मांग की
बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के चचौई गांव में प्रेम प्रसंग के चलते 21 वर्षीय युवक निशांत की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार शाम करीब 7 बजे नोएडा के शारदा अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने और मानसिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। निशांत अगराई गांव की एक पॉटरी इकाई में मजदूरी करता था। उसका पड़ोस की एक किशोरी से प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी होने पर दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों के मुताबिक, मामला बढ़ने पर गांव में पंचायत हुई थी। इसमें समझौते के बाद निशांत को उसकी मौसी के यहां भेज दिया गया था।
पुलिस चौकी में मारपीट का आरोप
परिजनों का आरोप है कि पंचायत में समझौता होने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच संपर्क जारी था। इस पर किशोरी पक्ष ने पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया। निशांत के भाई कपिल का आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें जबरन चौकी ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई और धमकाया गया। परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद निशांत मानसिक रूप से काफी आहत था।
इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाने के बाद खाया जहरीला पदार्थ
परिजनों के मुताबिक, तनाव के बीच निशांत ने रविवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे पहले उसने इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाकर अपने माता-पिता से माफी भी मांगी थी। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे खुर्जा के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे बुलंदशहर और फिर नोएडा के शारदा अस्पताल रेफर किया गया। यहां सोमवार शाम करीब 7 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
युवक की मौत के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने किशोरी पक्ष और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, मामले में परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर दिए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
एसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)