CEC को हटाने की मांग पर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन:हापुड़ पुलिस से नोकझोंक, जिला अध्यक्ष समेत 50 से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार
हापुड़ में कांग्रेस ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। मेरठ तिराहे से एसडीएम कार्यालय की ओर बढ़ते समय पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और हंगामा हुआ। पुलिस ने जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी समेत 50 से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया। पढ़िए पूरा मामला कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने, उनकी गिरफ्तारी और उनके फैसलों की जांच की मांग की। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मेरठ तिराहे पर एकत्र हुए।
कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। इसके बाद कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी, शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी समेत 50 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया। फिलहाल हंगामे को लेकर पुलिस अलर्ट है। शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी मांगों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)