मुरादाबाद में नलकूप की छत पर दिखाई दिए तीन तेंदुए:वीडियो वायरल होने के बाद फैली दहशत, वन विभाग ने जांच शुरू की
मुरादाबाद के कांठ और ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है। समदगढ़ गांव में आबादी के बेहद करीब एक नलकूप की कोठरी पर एक साथ तीन तेंदुए चढ़कर बैठ गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक साथ तीन वन्यजीवों के दिखने से इलाके के 20 से अधिक गांवों में भारी दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम अलर्ट पर है। मुरादाबाद के कांठ-ठाकुरद्वारा के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों तेंदुओं का आतंक देखा जा रहा है। जंगली इलाकों से निकलकर ये तेंदुए अब सुरक्षित स्थानों और शिकार की तलाश में सीधे इंसानी आबादी की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासी बेहद डरे हुए हैं। हालिया घटना कांठ के समदगढ़ उर्फ सिकंदराबाद गांव के पास की है। यहाँ आबादी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित किसान जहीर के नलकूप की कोठरी की छत पर एक साथ तीन तेंदुए आकर बैठ गए। इसी दौरान कार से गुजर रहे स्थानीय निवासी सहल दिलशाद, हुजैफा और अनस ने अपनी गाड़ी रोककर मोबाइल से इन तेंदुओं का वीडियो बना लिया और इसे वन विभाग को भेज दिया। यह रास्ता पूर्व विधायक मरहूम हाजी रिजवान अहमद खां के खेतों की तरफ जाता है, जहाँ तेंदुए काफी देर तक डेरा जमाए रहे और बाद में वापस खेतों की तरफ चले गए। एक साथ तीन खूंखार वन्यजीवों को देखने के बाद कांठ और ठाकुरद्वारा तहसील के 50 से ज्यादा गांवों में तेंदुए का खतरा मंडरा रहा है। इस संबंध में डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि विभाग को तेंदुओं का वीडियो मिल चुका है। हालांकि, मौसम खराब होने के चलते शुक्रवार को मौके पर जाकर जांच नहीं की जा सकी, लेकिन टीम को जल्द ही भेजकर जमीनी स्थिति की पूरी पड़ताल की जाएगी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)