चौकी-इंचार्ज की कार से बाइक की टक्कर का मामला:कानपुर देहात में परिजनों ने 2 घंटे सड़क जाम किया, युवक टूटा पैर लेकर पहुंचा

Oct 03, 2026 - 14:03
0
चौकी-इंचार्ज की कार से बाइक की टक्कर का मामला:कानपुर देहात में परिजनों ने 2 घंटे सड़क जाम किया, युवक टूटा पैर लेकर पहुंचा
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में चौकी इंचार्ज की कार से बाइक सवार युवक को टक्कर लगने के आरोप के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने हंगामा कर दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर गुस्साए परिजनों ने रसूलाबाद-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम रहने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर को मिंडा कुआं के पास बाइक सवार युवक का रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के चौकी इंचार्ज स्वदेश सिंह की कार से हादसा हुआ था। हादसे में युवक का पैर टूट गया था। परिजनों के मुताबिक, घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब तक एक ऑपरेशन में करीब ढाई लाख रुपए खर्च हो चुके हैं और एक अन्य ऑपरेशन होना है। कार्रवाई नहीं होने का आरोप परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही चौकी इंचार्ज के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई। इलाज का बढ़ता खर्च और शिकायत पर सुनवाई नहीं होने से नाराज परिजन शनिवार को सड़क पर पहुंच गए। हंगामे के दौरान घायल युवक भी टूटा हुआ पैर लेकर मौके पर पहुंचा। इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग की। भाई बोला- इलाज का खर्च लगातार बढ़ रहा घायल युवक के भाई अनुराग ने कहा कि परिवार लगातार इंसाफ की गुहार लगा रहा था, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि घायल के इलाज का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। हंगामे की सूचना पर रसूलाबाद और मंगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ने पर डेरापुर सीओ धर्मेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद चौकी इंचार्ज की ओर से घायल युवक के इलाज का खर्च उठाने की बात कही गई। इसके बाद परिजनों और पुलिस के बीच सहमति बनी और जाम खोल दिया गया। यातायात सामान्य हो गया। मंगलपुर थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने बताया कि लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया गया है। चौकी इंचार्ज की ओर से युवक के इलाज का खर्च उठाने की बात कहे जाने के बाद परिजन शांत हो गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User