छात्र के सिर पर तबला बजाने वाले हेड मास्टर सस्पेंड:इटावा के सरकारी स्कूल में सिर मुंडवाकर आया था बच्चा, ठहाके लगाते नजर आए थे
इटावा के सैफई विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय बिरौली में एक प्रधानाध्यापक का छात्र के साथ कथित तौर पर अशोभनीय व्यवहार करने का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। वीडियो में प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार कक्षा में एक छात्र के सिर पर हाथ से तबला बजाने जैसी हरकत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य बच्चे हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद शिक्षक के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे। मामले को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा विभाग ने इसे छात्र की गरिमा के विरुद्ध और अशोभनीय आचरण माना है। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने वायरल वीडियो के आधार पर प्राथमिक विद्यालय बिरौली के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें सैफई खंड शिक्षा संसाधन केंद्र से संबद्ध किया गया है। 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, बसरेहर उदय सिंह राज को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें 15 दिन के अंदर आरोप पत्र जारी कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीएसए ने बताया कि विभागीय आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में प्रधानाध्यापक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता और पात्रता के अनुसार अन्य अनुमन्य भत्ते दिए जाएंगे। इसके लिए निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)