छात्रा को शादी का झांसा देकर ले जाने वाला गिरफ्तार:सोनभद्र में स्कूल से निकली लड़की को भगा ले गया था आरोपी, कोर्ट भेजा गया
सोनभद्र के करमा इलाके में हाईस्कूल की 15 साल की छात्रा को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। करमा पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित ढूंढ लिया था। आरोपी को कानूनी कार्रवाई के बाद कोर्ट भेज दिया गया। छात्रा के पिता ने शुक्रवार को करमा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी 22 सितंबर की सुबह स्कूल के लिए निकली थी, पर वापस नहीं लौटी। परिजनों को जानकारी मिली कि नारायण मिश्र और प्रमिला मिश्रा उसे जबरदस्ती छत्तीसगढ़ नंबर के वाहन में बैठाकर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नारायण मिश्र समेत दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने छात्रा को ढूंढने के लिए छापेमारी की और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। करमा थाना प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नारायण भरुहा माइनर के पास मौजूद है और कहीं जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत आरोपी का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस मामले में नामजद दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)